AAP सांसद संजय सिंह को मिली जिंदा जलाकर मारने की धमकी! बोले- डरने वाला नहीं हूं
लखनऊ
आम आदमी पार्टी (AAP) के यूपी प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह को कथित तौर पर हिंदू वाहिनी ने जिंदा जलाकर जान से मारने की धमकी दी है। इसकी जानकारी खुद संजय सिंह ने अपने ट्विटर अकाउंट से दिल्ली के पुलिस कमिश्नर को ट्वीट करते हुए दी। जब उन्हें यह धमकी मिली, उस दौरान वह दिल्ली में मौजूद थे। राज्यसभा सांसद संजय सिंह को कथित तौर मिली धमकी के बाद उन्होंने ट्वीट करते हुए दिल्ली के पुलिस कमिश्नर को मामले से अवगत कराया। उन्होंने ट्वीट के माध्यम से एक मोबाइल नंबर जारी करते हुए लिखा, 'इस नंबर से मेरे सहयोगी को फोन किया गया और मुझे मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जलाने की धमकी दी गई।' उन्होंने ट्वीट में यह भी लिखा कि धमकी देने वाले व्यक्ति ने खुद को हिंदू युवा वाहिनी का सदस्य बताया है।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने बताया कि सोमवार को राज्यसभा सांसद संजय सिंह के फोन पर सुबह से संदिग्ध नंबर से बार-बार फोन आ रहा था। लगातार फोन आने के चलते दोपहर के समय कॉल डायवर्टिंग के कारण वह कॉल राज्यसभा सांसद के सहयोगी अजीत त्यागी के नंबर पर चली गई। कॉल उठाते ही सामने वाले व्यक्ति ने राज्यसभा सांसद संजय सिंह को जिंदा जलाकर मार देने की धमकी दी। सहयोगी की तरफ से जब उसका परिचय मांगा गया तो उसने खुद को हिंदू युवा वाहिनी का सदस्य बताया। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि इस मामले को लेकर दिल्ली पुलिस कमिश्नर से शिकायत की गई है। कथित तौर पर मिली धमकी के बाद आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने नई दिल्ली के नार्थ एवेन्यू थाने के थाना प्रभारी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में उन्होंने पूरे मामले की जानकारी देते हुए कॉल हिस्ट्री के स्क्रीनशॉट भी संलग्न किए हैं।

पाठको की राय